गोड्डा
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित, डीसी ने दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
@ योजना के लिए आवेदन करने हेतु योग्यताएं
● आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए
● आपके पास एक ऐसा घर होना चाहिए, जिसकी छत सौर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त हो
● घर में वैध बिजली कनेक्शन होना चाहिए
● परिवार के द्वारा सौर पैनलों के लिए किसी अन्य सब्सिडी का लाभ नहीं उठाया हो
गोड्डा : समाहरणालय के सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मॉडल सोलर ग्राम के चयन से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दौरान जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर के द्वारा जानकारी प्रदान की गई कि उक्त योजना के तहत जिला अंतर्गत 5,000 से अधिक की आबादी वाले गांवों को चिन्हित किया गया है। 5000 आबादी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में जिले के अधिकतम जनसंख्या वाले कुछ ग्रामों को चिन्हित किया जाएगा। चिन्हित किए गए सभी ग्राम उम्मीदवार ग्राम के रूप में अधिसूचित किए जाएंगे। उम्मीदवार ग्राम की सूची अधिसूचित किये जाने के साथ-साथ छः माह का प्रतिस्पर्धा अवधि रखी जायेगी। जिसमें यह देखा जायेगा कि चिन्हित ग्रामों में से किन ग्रामों में सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं में पी०एम कुसुम योजना, पी०एम० सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं अन्य सौर आधारित परियोजनाओं का अधिक से अधिक क्रियान्यवयन किया गया है, के आधार पर जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) द्वारा गांवों का मूल्यांकन किया जायेगा एवं उस ग्राम को मॉडल आदर्श ग्राम के रूप में चिन्हित किया जायेगा। दौरान उपायुक्त के द्वारा उक्त योजना के बारे में जिला में सूचना जनसंपर्क विभाग के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सौर रूफटॉप क्षमता की हिस्सेदारी बढ़ाने और आवासीय घरों को अपनी बिजली पैदा कर सशक्त भारत बनाने के लिए इस योजना में 2 किलोवाट क्षमता तक की प्रणालियों के लिए सौर इकाई लागत का 60 प्रतिशत और 2 से 3 किलोवाट क्षमता के बीच की प्रणालियों के लिए अतिरिक्त प्रणाली लागत का 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाती है। सब्सिडी की सीमा 3 किलोवाट क्षमता तक सीमित रखी गई है । इसके साथ ही बिजली विभाग द्वारा उक्त योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। मौके पर प्रमुख कुंती देवी, एलडीएम चंदन कुमार चौहान, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार मिश्रा सहित बिजली विभाग के अन्य कार्यरत एजेंसी के कर्मीगण मौजूद थे।



