सड़क विहीन बैतरी गांव के लोग बरसात में परेशान, जनप्रतिनिधियों से नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गढ़वा | खरौंधी प्रखंड के ग्राम पंचायत सिसरी अंतर्गत ग्राम बैतरी वार्ड संख्या नौ में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। कीचड़ व पानी से भरे रास्ते से होकर लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। खासकर बीमार लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में अब तक कोई पक्की सड़क नहीं बनी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।गांव के लोगों ने बताया कि बरसात में किसी मरीज को अस्पताल ले जाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। गाड़ी नहीं जा सकती और लोगों को कंधों पर उठाकर कीचड़ भरे रास्तों से ले जाना पड़ता है।इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एकत्र होकर आवाज उठाई और प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की। बैठक में शंकर राम, भरदुल राम, उमेश पाल, सुनरबासी देवी, प्रवेश राम, विनिता देवी, इन्द्रावती देवी, पुनम कुमारी, लवकुश कुमार, धर्मदेव पाल, विष्णुदेव पाल समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन शीघ्र संज्ञान ले और गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराए ताकि आने-जाने की समस्या से मुक्ति मिल सके।



