तीन वैकल्पिक मार्ग बहने से चौथे दिन भी लोगों का आवागमन रहा बाधित
15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा लोगों को

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। तीन वैकल्पिक मार्गों के बह जाने से लगातार चौथे दिन भी लोगों का आवागमन बाधित रहा।
अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर जयरामपुर के लाल बाबा के पास निर्माणाधीन पुल का वैकल्पिक मार्ग बह गया है। इससे जरौटा, बलभद्रपुर, जयरामपुर अहिरन का पुरवा ईश्वरपुर महसो फुल का पुरवा कटरा गंगौली पठान का पुरवा और उत्तरगांव सहित 50 गांवों के लोगों को अमेठी तहसील और जिला मुख्यालय जाने के लिए अतिरिक्त 5 से 10 किलोमीटर का सफर करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग के टिकरिया के पास निर्माणाधीन पुल का वैकल्पिक मार्ग मालती नदी में तेज बहाव के कारण बह गया। इससे भवसिंहपुर, संग्रामपुर, सरैया कनू, पुन्नपुर और सोनारी कनू सहित 75 से अधिक गांवों का ब्लॉक मुख्यालय और जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है।
इन गांवों के लोगों को तहसील और जिला मुख्यालय जाने के लिए करीब 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। ब्लॉक मुख्यालय पर सीएचसी, थाना, पशु अस्पताल, बैंक और शैक्षणिक भवन जैसे सरकारी संस्थान हैं। इसलिए कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भी अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
जयरामपुर गांव निवासी अनिल पाण्डेय और अनिकेत मिश्र ने बताया कि कार्यदाई संस्था की शिथिलता के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को अमेठी पढ़ने जाने के लिए 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
संग्रामपुर निवासी बृजेश मिश्र ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग और पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता की शिकायत आरजीआरएस पोर्टल पर पहले ही की जा चुकी है। कार्यदाई संस्था की लापरवाही के कारण लाखों की आबादी अतिरिक्त सफर और समस्याओं से जूझ रही है।
अमेठी-किठावर मार्ग पर पूरे तालुकदार विशेषगंज के पास सोमवार दोपहर निर्माणाधीन पुल का वैकल्पिक मार्ग भी बह गया है। इससे तीन जिलों को जोड़ने वाले मार्ग पर 75 से अधिक गांवों के करीब एक लाख लोगों का आवागमन प्रभावित है। इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को अमेठी तहसील और जिला मुख्यालय जाने के लिए करीब 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
थरिया बड़गांव निवासी हनुमान पांडे ने बताया कि वह विशेषरगंज बाजार में चाट और सब्जी का ठेला लगाकर रोजगार करते हैं। दो दिनों से वैकल्पिक मार्ग बह गया है, जिससे उनका ठेला बाजार नहीं जा पा रहा है। उनका रोजगार और परिवार का पालन पोषण प्रभावित हो रहा है। पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता अमित पाठक ने बताया कि पानी का बहाव कम होने पर वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत कराकर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।


