मुखिया संघ महेशपुर द्वारा तीन दिवसीय शानदार फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
Three-day grand football competition organized by Mukhiya Sangh Maheshpur

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला के महेशपुर प्रखण्ड के सिलमपुर मैदान में गुरुवार को विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में मुखिया संघ महेशपुर द्वारा तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत झारखण्ड आन्दोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्वर्गीय शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। श्रद्धांजलि के पश्चात दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को नमन किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, सीओ संजय कुमार सिन्हा तथा मुखिया संघ के अध्यक्ष मनोज मरांडी समेत सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर तथा राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।प्रतियोगिता का पहला मैच एफसी शिव मंदिर महेशपुर बनाम एफसी झारखंड टाइगर के बीच खेला गया जो रोमांचक और दर्शनीय रहा। खेल की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक मूड में दिखीं। मुकाबला इतना कड़ा था कि दर्शकों में रोमांच चरम पर था। अंततः मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें शिव मंदिर महेशपुर की टीम ने संकीर्ण अन्तर से जीत दर्ज की। इस अवसर पर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल जैसे सामूहिक खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि भाईचारा और अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने आयोजकों को ऐसे अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मुखिया संघ के अध्यक्ष मनोज मरांडी ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए है, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को भी सम्मान देने का प्रयास है। उन्होंने जानकारी दी कि विजेता टीम को दो लाख रुपए नगद पुरस्कार तथा उपविजेता को डेढ़ लाख रुपए नगद राशि के साथ चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जायेगा। सीओ संजय कुमार सिन्हा ने भी अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से सामाजिक समरसता और युवाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और भी भव्य रूप दिया जायेगा।प्रतियोगिता के पहले दिन हजारों की संख्या में खेलप्रेमी दर्शकों ने उत्साहपूर्वक मैचों का आनंद लिया। स्थानीय जनता में आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा गया। आयोजन को सफल बनाने में मुखिया संघ के सभी सदस्यों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने समर्पित भावना से प्रतियोगिता की तैयारी की। यह तीन दिवसीय आयोजन महेशपुर क्षेत्र के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता प्रतीत हो रहा है, जो न केवल खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूती प्रदान करेगा। इस मौके पर बीडीओ डॉ सिद्दार्थ शंकर यादव, सीओ संजय कुमार सिन्हा, सीआई उपेन्द्र यादव, जिप सदस्य बुद्धिनाथ कोड़ा, समाजसेवक निर्मल यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष मनोज मरांडी, सचिव निर्मला मुर्मू, उपाध्यक्ष सुनीराम मुर्मू, कोषाध्यक्ष मरियम मरांडी, उपसचिव साइमन हेंब्रम,मुखिया संघ के सलाहकार संतोष कुमार हेंब्रम एवं राजू मुर्मू सहित सभी पंचायत के सम्मानित मुखियागण, पंचायत समिति सदस्यगण, समाजसेवी सहित हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे।



