गोड्डा
तिलका मांझी इंग्लिश मीडियम स्कूल, भदरिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर भदरिया स्थित तिलका मांझी इंग्लिश मीडियम स्कूल में गुरुवार को बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उमंग के साथ रक्षाबंधन मनाया गया। स्कूल प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में भाई-बहन के रिश्ते की पवित्रता और स्नेह को बच्चों ने आत्मीयता के साथ अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा छात्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के साथ हुई। इस दौरान भाई-बहन के पारंपरिक गीतों की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया। बच्चों ने देशभक्ति, भाई-बहन के रिश्ते और भारतीय परंपरा पर आधारित गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।विद्यालय के संचालक विजय कुमार ठाकुर एवं प्रधानाचार्य दीपक कुमार ने छात्रों को रक्षाबंधन के सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि यह पर्व केवल एक धागा नहीं, बल्कि संरक्षण, प्रेम, विश्वास और कर्तव्यबोध का प्रतीक है।इस अवसर पर सभी शिक्षक- शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। स्कूल परिसर में भाईचारे, सद्भाव और भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।कार्यक्रम के अंत में मिठाइयों का वितरण हुआ और सभी ने मिलकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।



