
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नई दिल्ली के आरके खन्ना स्टेडियम में आयोजित एआईटीए (ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन) महिला लॉन टेनिस टूर्नामेंट में बरेली में शुरुआती और वर्तमान में चंडीगढ़ में प्रशिक्षण ले रही महिका खन्ना ने महिला एकल और युगल दोनों वर्गों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किए। टूर्नामेंट के एकल मुकाबलों में महिका ने दिल्ली की वैष्णवी सिंह को 6-0, 6-2 से हराया। सेमीफाइनल में दिल्ली की रिया सचदेवा को 6-0, 6-3 से मात देकर महिका ने फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में उन्होंने दिल्ली की जीतेश कुमारी को कड़े संघर्ष में 6-4, 7-5 से हराकर एकल खिताब अपने नाम किया। युगल वर्ग में महिका ने दिल्ली की ही दुर्गांशी कुमार के साथ जोड़ी बनाई। पहले दौर में उन्होंने गुजरात की आरुषी रावल और महाराष्ट्र की रुमन को 6-4, 6-2 से मात दी। बरेली से चंडीगढ़ तक का तय किया सफर महिका खन्ना का लॉन टेनिस का सफर महज छह साल की उम्र से शुरू हुआ, जब उन्होंने पहली बार रैकेट हाथ में लिया। शहर के एलन क्लब, स्टेडियम, बरेली क्लब और कैंट में तुषार बाली, अंशु पाल और गगन खन्ना जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों से शुरुआती प्रशिक्षण प्राप्त किया। कोच गगन खन्ना बताते हैं कि महिका में शुरुआत से ही खेल के प्रति असाधारण लगन और सीखने का जुनून था। दस साल की उम्र में ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट खेलना शुरू कर दिया, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।



