रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार जीजा साले की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की चपेट में आकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों युवक आपस में जीजा साले थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा नगीना-नजीबाबाद हाईवे पर ग्राम सिकंदरपुर मोड़ के पास हुआ है। मृतकों की पहचान सुरेंद्र पुत्र चंद्र कुमार और नितिन पुत्र सतपाल के रूप में हुई है। दोनों थाना किरतपुर क्षेत्र के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र की शादी 7 साल पहले हुई थी। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह किरतपुर में सैलून चलाता था। नितिन 8वीं कक्षा तक पढ़ा था और अविवाहित था। वह मजदूरी का काम करता था। दोनों ग्राम मदनपुर से राखी बंधवाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रोडवेज बस और उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना से दोनों के परिवारों में शोक की लहर है।



