मथुरा

अब ई-रिक्शाओं पर कसी जाएगी नकेल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मथुरा। मथुरा-वृंदावन की सड़कों पर ई-रिक्शाओें की भरमार है। मुख्य मार्ग से लेकर शहर सड़कों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों का भी सड़कों पर चलना दुश्वार हो गया है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने इन पर लगाम लगाने की कवायद की है। पुलिस ऐसे ई-रिक्शा मालिकों को नोटिस देगी जो यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं। एआरटीओ कार्यालय के अनुसार जिले में 19 हजार के करीब ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। जबकि सड़कों पर इनकी संख्या 27 से अधिक है। जुलाई माह में ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 20 हजार के चालान किए, जबकि 200 के करीब ई-रिक्शा सीज किए गए। पुलिस की कार्रवाई के चलते ई-रिक्शा संचालकों में अफरातफरी मच गई थी। सबसे ज्यादा परेशानी बिना पंजीकरण के संचालित ई-रिक्शा संचालकों को हुई। मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन में तो जैसे ई-रिक्शा की बाढ़ सी आ गई है। ई-रिक्शा चालक जाम का भी प्रमुख कारण बनते हैं। इसके साथ ही आए दिन ई-रिक्शा पलटने के कारण लोग घायल होते हैं। लगातार बढ़ रही संख्या से ट्रैफिक के साथ ही सिविल पुलिस भी परेशान हैं। पुलिस अब ऐसे वाहनों को चिह्नित कर रही है जो कि यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं। यातायात प्रभावित करने वाले ई-रिक्शा संचालकों को पुलिस नोटिस देगी। जिले में भर में बड़ी संख्या में नाबालिग ई-रिक्शा के ड्राइवर बने हैं। वह बिना लाइसेंस और प्रशिक्षण के ही ई-रिक्शा चला रहे हैं। इस ओर ट्रैफिक और एआरटीओ प्रवर्तन की टीम का ध्यान नहीं है। तिराहे-चौराहे पर खड़े पुलिसकर्मियों के सामने ही नाबालिग ई-रिक्शा में सवारियों को बिठाते और उतारते हैं। बावजूद इसके पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रहती है।
श्लोक कुमार, एसएसपी ने कहा, जिले में लगातार ई-रिक्शाओं की संख्या बढ़ रही है। यह जाम का प्रमुख कारण बन रहे हैं। पुलिस यातायात नियमों का पालन न करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अब इन्हें नोटिस थमाया जाएगा। यदि इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं किया तो पंजीकरण निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button