मेरठ

16 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, 

पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

त्योहार पर एक सप्ताह तक मेले, झांकियां और शोभायात्राएं; डीआईजी ने दिए विशेष निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष 16 अगस्त को मनाया जाएगा। मुख्य पर्व के अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर अगले छह दिनों तक मेले, झांकियां और शोभायात्राओं का आयोजन होगा। मंदिरों, बाजारों और घरों में विशेष साज-सज्जा होगी, जबकि पुलिस लाइन, थानों और चौकियों में भी यह पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।

पिछले वर्षों में हुई कुछ घटनाओं को देखते हुए, प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और व्यापक पुलिस प्रबंधन के निर्देश दिए हैं। परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 2685 पुलिसकर्मी, जिनमें 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 सीओ, 84 निरीक्षक, 581 उपनिरीक्षक, 797 मुख्य आरक्षी, 780 आरक्षी, 412 होमगार्ड/पीआरडी और 1 कंपनी पीएसी शामिल हैं, की ड्यूटी लगाई गई है।

मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में कुल 93 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और 292 मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा, 23 भंडारे और अन्य धार्मिक आयोजन भी प्रस्तावित हैं। 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रहेंगे।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विवादित स्थानों पर झांकियां लगाने या जबरन चंदा वसूली के मामलों को पहले ही सुलझा लिया जाए, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, मटकी फोड़ कार्यक्रमों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं, शोभायात्रा मार्गों पर ढीले विद्युत तार सुधारे जाएं, और कार्यक्रम स्थलों को अधिकतम सीसीटीवी निगरानी में लाया जाए।

त्योहार के दौरान भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, अफवाहों पर निगरानी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि किसी नई या विवादित परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी और किसी भी संवेदनशील स्थिति में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button