बागपत

बागपत में केनरा बैंक ने आयोजित किया मेगा ऋण संवितरण शिविर, 

500 से अधिक लाभार्थियों को मिला लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बड़ौत/बागपत : केनरा बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय बागपत द्वारा मंगलवार को होटल रॉयल स्टेप, बड़ौत में भारत सरकार की स्त्री शक्ति योजना के अंतर्गत मेगा ऋण संवितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केनरा बैंक के कार्यपालक निदेशक भवेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर लगभग 500 से अधिक लाभार्थियों को संवितरण चेक एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में श्री भवेन्द्र कुमार ने कहा कि केनरा बैंक, भारत सरकार और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बैंक द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार, कृषि, लघु उद्योग, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्त्री शक्ति योजना महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

आगरा अंचल के महाप्रबंधक रजनीकांत ने कहा कि केनरा बैंक अपने ग्राहकों को आधुनिक एवं सरल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। सभी शाखाओं के माध्यम से रिटेल, एमएसएमई, कृषि और डिजिटल बैंकिंग की सुविधाएं आसानी से पहुंचाई जा रही हैं।

इस अवसर पर केनरा बैंक और भारत सरकार की योजनाओं तथा बैंक के वित्तीय उत्पादों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में आगरा अंचल के महाप्रबंधक रजनीकांत, सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक मिंजिलाल कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय आगरा, क्षेत्रीय कार्यालय बागपत के अन्य अधिकारी एवं शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button