जालौन
पुलिस ने लापता किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
कोतवाल अरुण राय के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई, महिला हेल्प डेस्क से शुरू हुई तलाश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई (जालौन)। विजय विकम गैस एजेंसी के सामने, राठ रोड, उरई में रहने वाले मजेन्द्र का 13 वर्षीय पुत्र जिगर सोमवार शाम से लापता था। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। ग्राम निवाड़ी, पोस्ट मटरा, तहसील कालपी निवासी मजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र जिगर, जींस पैंट और शर्ट पहने सोमवार शाम करीब 6 बजे खेलने निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कोतवाली में बने महिला हेल्प डेस्क पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल प्रभारी निरीक्षक अरुण राय के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई। महिला हेल्प डेस्क की हेड कांस्टेबल शुभा तोमर, हेड मुहर्रिर रविन्द्र कुमार और हेड कांस्टेबल प्रदीप सेगर ने तत्परता दिखाते हुए तलाश शुरू की और कुछ ही समय में बच्चे को ढूंढ निकाला।
पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जिगर को सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने बच्चे को सुरक्षित वापस लाने के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।



