बेतुल
बैतूल कृष्णपुरा वार्ड में टूटा शौचालय और गंदगी से वार्डवासी परेशान
शिकायत के चार महीने बाद भी नहीं सुलझी वार्ड 10 की समस्या

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। कृष्णपुरा वार्ड क्रमांक 10 के वार्डवासी इन दिनों टूटा-फूटा सार्वजनिक शौचालय और गंदगी की समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड के बीचोंबीच स्थित सार्वजनिक शौचालय जर्जर हालत में है, वहीं टैंकर का गंदा मलवे का पानी रोड से होकर सीधे वार्डवासियों के घरों में घुस रहा है। इस गंभीर समस्या की जानकारी समाजसेवी शेखर बारस्कर ने करीब चार महीने पहले आवेदन के माध्यम से नगरपालिका और कलेक्टर कार्यालय में दी थी, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ।
मंगलवार को शेखर बारस्कर ने वार्ड के दर्जनों लोगों के साथ जनसुनवाई में पहुंचकर समस्या रखी। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक शौचालय का नवीन निर्माण कराया जाए, टैंकर को खाली कर उसकी सफाई पूरी तरह से की जाए और वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं देते, जिससे वार्ड में गंदगी का अंबार लगा रहता है।
– वार्ड की कई स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद
शेखर बारस्कर ने जनसुनवाई में यह मुद्दा भी उठाया कि वार्ड की कई स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद हैं, जिससे अंधेरे में लोगों को असुविधा होती है। उन्होंने सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। जनसुनवाई में उपस्थित वार्डवासी भी अपनी परेशानियों को लेकर मुखर रहे और नगरपालिका से तुरंत कार्रवाई की उम्मीद जताई।



