सिंगरौली
विद्यालय परिसर में मोबाइल विवाद को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली । सिंगरौली के बैढ़न स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में सोमवार दोपहर छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। यह घटना स्कूल की बाउंड्री के अंदर हुई। कक्षा 12वीं के दो छात्रों के बीच छह महीने से मोबाइल को लेकर विवाद चल रहा था। एक छात्र के गुट ने दूसरे छात्र की पिटाई की योजना बनाई।
जब दूसरे छात्र को इसकी जानकारी मिली तो उसने शिक्षक को सूचित किया। शिक्षक ने इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी। उन्होंने छात्र से कहा कि वह अपने भाई को बुला ले। शिक्षक की इस लापरवाही के बाद दोपहर में कुछ छात्रों ने मिलकर एक छात्र की पिटाई कर दी। खुटार चौकी को जैसे ही घटना की सूचना मिली। पुलिस तुरंत विद्यालय पहुंची। चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के छात्रों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी छात्र नाबालिग हैं। 11वीं-12वीं कक्षा के हैं। घायल छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
घटना के बाद अन्य छात्रों के अभिभावक भयभीत हैं। पीड़ित छात्र के परिजनों ने प्राचार्य से मारपीट करने वाले छात्रों को स्कूल से निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से भी कार्रवाई की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।



