बरेली
बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट, मुर्गियों-अंडों की सप्लाई रोकी, पोल्ट्री फार्मों पर निगरानी के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। पड़ोसी जिले रामपुर में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद बरेली जनपद में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। रामपुर से आने वाली मुर्गियों व अंडों की सप्लाई रोक लगा दी गई है। पशुपालन विभाग ने सभी छह चौकियों को सक्रिय कर दिया है। यही नहीं, डिप्टी सीवीओ को पोल्ट्री फार्मों पर नजर रखने और बाहर से आने वाले मुर्गों-मुर्गियों और अंडों की सप्लाई की निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है। तहसील स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीमें सक्रिय की जा रही हैं।
जिले में 110 पोल्ट्री फार्मों में मुर्गा-मुर्गियों की संख्या 3.20 लाख बताई जा रही है। पोल्ट्री फार्म मालिकों को भी सचेत किया गया है। पड़ोसी जिले में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद से पोल्ट्री फार्म के मालिक भी परेशान हैं। सीवीओ डॉ. मनमोहन पांडेय ने बताया कि बर्ड फ्लू मामले में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में बैठक भी हुई है। इसमें एहतियात बरतते हुए जिले में मुर्गियों व अंडों की सप्लाई रोकने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए डीएम की तरफ से एडवायजरी जारी की जाएगी। साथ ही जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के लिए पुलिस का सहयोग लेने को कहा गया है। जिला व तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित करने के निर्देश हुए हैं। साथ ही तहसील स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम को भी सक्रिय किया गया है। अपर निदेशक ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को ही मंडल के चारों जिलों में सीवीओ को बर्ड फ्लू से बचाव के संबंध में एडवायजरी जारी कर दी है।



