अमरोहा
भाजपा प्रत्याशी दयावती सैनी 266 वोटों से विजयी
धनौरा नगर पालिका सभासद उपचुनाव, 603 मतदाताओं ने किया मतदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : मंडी धनौरा नगर पालिका के वार्ड 16 में हुए सभासद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दयावती सैनी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 266 वोटों के अंतर से पराजित किया।यह सीट वार्ड 16 की पूर्व सभासद राजबाला सैनी के 14 मार्च को बीमारी के कारण निधन के बाद रिक्त हुई थी। 11 तारीख को हुए मतदान में कुल 973 मतदाताओं में से 603 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।बुधवार को धनौरा तहसील मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में दयावती सैनी को 383 वोट मिले। अन्य प्रत्याशियों में गुरविंदर कौर को 116, पुष्पा देवी को 56 और संगीत को 18 वोट प्राप्त हुए। नोटा में 2 वोट डाले गए, जबकि 27 वोट निरस्त किए गए। विजयी प्रत्याशी दयावती सैनी ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सड़क, पानी, बिजली, निकासी, सफाई, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। कपिल ठाकुर, सौरभ सैनी, देशराज सैनी, विवेक सिंह, सोनू सैनी, राजेन्द्र सैनी और ललित कुमार सहित कई लोगों ने विजेता को बधाई दी।


