अमरोहा
अमरोहा में आवारा कुत्तों का आतंक
9 नगर निकायों में 4114 कुत्ते, रोज 150 लोग हो रहे शिकार; 4 साल में 13 की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की नौ नगर निकायों में 4114 आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। रोजाना औसतन 150 से अधिक लोग इनके हमलों का शिकार हो रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में प्रतिमाह करीब डेढ़ हजार मरीज कुत्ता काटने के मामलों में पहुंच रहे हैं।पिछले चार वर्षों में कुत्तों के हमलों से 13 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 10 घटनाएं अकेले हसनपुर क्षेत्र में हुई हैं। कई परिवारों ने अपने इकलौते बेटे या घर के मुखिया को खोया है।एक साल पहले तत्कालीन डीएम राजेश कुमार त्यागी के निर्देश पर कराए गए सर्वे में हसनपुर, अमरोहा, मंडी धनौरा, बछरायूं, गजरौला, जोया नौगांवा सादात, जोया और सैदनगली नगर निकायों में कुल 6273 कुत्ते पाए गए। इनमें से 2159 पालतू और 4114 आवारा कुत्ते थे।सुप्रीम कोर्ट ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवारा कुत्तों को पकड़कर डॉग शेल्टर में रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश के पहले दिन ही मंडी धनौरा में 18 कुत्तों को पकड़ा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता तक सीमित रहती है। कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद मामला ठंडा पड़ जाता है।घायलों को एंटी रेबीज का टीका लगाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा जिला प्रशासन के पास उपलब्ध नहीं है।


