बागपत
लालकिले पर लहराया बागपत का मान
नए भारत की थीम पर सजा 79वां स्वतंत्रता दिवस, विशेष अतिथि बने अमन और नीतीश

बड़ौत/बागपत ,दिल्ली का लालकिला आजादी के 79वें वर्षगांठ पर “नया भारत” की थीम में रंगा नज़र आया। तिरंगे की शान, आत्मनिर्भरता की गूंज और विकसित भारत के संकल्प से सराबोर इस ऐतिहासिक अवसर पर बागपत के दो युवा भी राष्ट्रीय पटल पर चमके। राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित अमन कुमार और माय भारत स्वयंसेवक नीतीश भारद्वाज को रक्षा मंत्रालय ने विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिससे पूरे जनपद में गौरव का माहौल है।
अमन कुमार ने यह उपलब्धि रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी में सवा दो लाख प्रतिभागियों में 26वीं रैंक प्राप्त कर हासिल की। उनके साथ उनके मनोनीत साथी के रूप में नीतीश भारद्वाज को भी इस समारोह में शामिल होने का सम्मान मिला।
युवाओं ने बताया कि सबसे भावुक पल वह था जब 21 तोपों की सलामी के बीच राष्ट्रगान गूंजा और फिर भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा हुई—“तिरंगे के नीचे खड़े होकर उसे सलामी देना और ऊपर से बरसते फूलों को देखना, जीवन का सबसे अविस्मरणीय क्षण था। उस पल महसूस हुआ कि हम सचमुच विकसित होते नए भारत का हिस्सा हैं।”
इस बार की थीम “नया भारत” देश को 2047 तक विकसित बनाने के संकल्प का प्रतीक बनी। लालकिले के प्रांगण में 2,500 एनसीसी कैडेट्स और माय भारत स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से “नया भारत” का लोगो बनाकर युवाओं की एकजुटता, ऊर्जा और रचनात्मकता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में अतिथियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के युवा आत्मनिर्भरता और नवाचार के प्रतीक हैं, जो विकसित भारत निर्माण की प्रेरक शक्ति हैं।



