मेयर एवं नगरायुक्त से मिल सीएम ग्रिड योजना के कार्यों की समस्या रखीं
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मेरठ। संयुक्त गढ़ रोड व्यापार समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज सीएम ग्रिड योजना के तहत गढ़ रोड़ पर चल रहे विकास कार्यों की अनियमितताओं एवं समस्याओं को लेकर मेयर हरिकांत अहलूवालिया व नगर आयुक्त सौरभ गंगवार से सूरज कुंड स्थित मेयर कैंप कार्यालय पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अवगत कराया कि गांधी आश्रम चौराहे से तेज गढ़ी चौराहे तक सी एम ग्रिड योजना के अंतर्गत हो रहे विकास कार्य में गलत डिजाइन के कारण स्थानीय व्यापारियों एवं जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और भविष्य में इस मार्ग पर व्यापार प्रभावित होगा। मेट्रो का कोई प्रस्ताव न होने के बावजूद 18 फुट चौड़े डिवाइडर का निर्माण किया जा रहा है। जिससे सिर्फ अतिक्रमण और गंदगी होगी। इस दो किलोमीटर के मार्ग पर दोनों ओर की दुकानों के लिए जो 4 किलोमीटर में बनी है उनको मात्र 400 कार खड़ी करने की व्यवस्था की गई है । प्रत्येक 10मीटर में एक गाड़ी की पार्किंग दी गई है। इस मार्ग पर 40से अधिक रेस्टोरेंट, 6 मंडप, 8से अधिक अस्पताल , 4से अधिक बड़े बड़े गाड़ियों के शोरूम, सोहराबगेट बस स्टैंड, 12 से अधिक बड़े मार्केट कॉम्प्लेक्स, गैस एजेंसीज, अनेकों दो पहिया वाहन के शोरूम जैसे टीवीएस, एक्टिवा इत्यादि, सहित हजार से अधिक व्यापारी अपना व्यापार इस दो किलोमीटर में करते हैं जहां करीब दो हजार चार पहिया वाहन सहित 4000से अधिक दो पहिया वाहन की पार्किंग की आवश्यकता है। इस मार्ग पर रात्रि में बड़े ट्रक व दिन में बसे चलती हैं जो खराब भी हो जाती है और सड़क पर ट्रैफिक को बाधित करती हैं ऐसे में उनके लिए भी सड़क 7.5मीटर के स्थान पर कम से कम 11मीटर किए जाने की आवश्यकता है। अभी तक बिजली के तारों को भूमिगत करने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। पहले ही दो बार सड़क खोदी जा चुकी है, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। दीपावली से पहले बिजली के तार भूमिगत किए जाने की आवश्यकता है। व्यापारियों ने मांग की कि डिवाइडर की चौड़ाई 2 फुट की जाए अथवा सड़क के बीच डिवाइडर पर 50-50 मीटर के अंतराल पर वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर संयुक्त गढ़ रोड व्यापार समिति के संरक्षक मनोज गुप्ता, महामंत्री मदन लाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास मित्तल, राजेंद्र सिंह, धर्मपाल, प्रफुल्ल सिंघल, विजेंद्र गर्ग, शुभम शर्मा, शोभित गोयल, अजय बजाज, अनिल कुमार, राजीव गुप्ता, अशोक कुमार मित्तल, अक्षय मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


