नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। गोकुल सहित पूरे ब्रज के मंदिरों में प्रगट भये गोपाला…और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय दिखाई दे रहा है । आराध्य बाल गोपाल के दर्शन कर भक्त भाव विभोर होकर नाचते दिखाई दिए।
नंद के आनंद भयो…जय कन्हैया लाल की…लल्ला के जन्म की सुन आई यशोदा मैया दे दो बधाई। लल्ला के आने की खुशी में सुबह से ही मथुरा और गोकुल में उल्लास बरसने लगा। श्रद्धालुओं का रोम-रोम रोमांचित हो उठा। गली-गली में शोर जन्मो छलिया नंद किशोर…,हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल आदि बधाई गीतों के स्वर नंदोत्सव के मौके पर मथुरा और गोकुल समेत ब्रज के अधिकांश क्षेत्रों में गूंजते रहे। गोकुल में सर्वप्रथम नंद किला व नंद भवन में भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम के बाल स्वरूप की आरती उतारी गई। इसके बाद नंद बाबा परिवार सहित गोकुल की विभिन्न गलियों से होकर नंद चौक के समीप बने रास चबूतरा पर पहुंचे। बाजार में गोकुल वासियों ने डोला पर पुष्प वर्षा की। गाय के दूध की दही में केसर व हल्दी मिलाकर श्रद्धालुओं पर छीछी छिड़की गई। उपहार में वस्त्र, खिलौने, पायल, बिंदी, बिछिया, साड़ी, फल, मेवा, मिठाई, पेड़ा आदि लुटाए गए। गोकुल नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित ने बताया कि पूरे गोकुल को भव्य रूप से सजाया गया। केके अरौडा, छनिया पुजारी, विट्ठल पुजारी, गिरधारी भाटिया, लछिमन, अतुल तिवारी, राहुल चौहान आदि मौजूद रहे।



