
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बयाना। गढ़ी बाजना थाना पुलिस ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 दिन पहले पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गश्त के दौरान पुलिस टीम पर अवैध हथियारों से फायर कर हमला किया था। यह कार्रवाई एसपी दिगंत आनंद के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बयाना हरिराम कुमावत व डिप्टी एसपी कृष्णराज के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी पृथ्वीसिंह खटाना के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। मामले में गिरफ्तार किए गए बदमाश धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के गांव मूडिक कछपुरा निवासी भीमसेन उर्फ भीमा (24) पुत्र बाबूलाल, देवाराम उर्फ देवा (20) पुत्र विनोद और अर्जुन कुशवाह (23) पुत्र रामदास शामिल हैं। एसएचओ पृथ्वी सिंह खटाना ने बताया कि 11 अगस्त को एएसआई राजाराम पुलिस जाब्ते के साथ थाना इलाके में गश्त और नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान कोट की खिरकारी पर वारदात की फिराक में घूम रहे बदमाश भीमसेन, देवाराम और अर्जुन ने पकड़े जाने के डर से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गढ़ीबाजना थाने में मामला दर्ज किया गया था।गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने गश्त के दौरान मोबाइल पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से अवैध हथियारों से फायरिंग की थी।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी पृथ्वीसिंह खटाना के साथ हैड कांस्टेबल शिवसिंह, कांस्टेबल राधेलाल, राहुल शर्मा और ड्राइवर करनसिंह शामिल रहे।



