लोनी तिराहे पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना, लेकिन जाम की जिम्मेदारी किसकी?

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
लोनी। नगर पालिका परिषद लोनी ने आज बड़ी “कड़ी” कार्रवाई करते हुए लोनी तिराहे पर गंदगी फैलाने वाले करीब 15 दुकानदारों और रेहड़ी-ठेली वालों पर जुर्माना ठोंक दिया। साथ ही उन्हें भविष्य में गंदगी न फैलाने की शपथ भी दिलाई ।
कार्यवाही के समय पालिका के चीफ सेनेटरी फूड इंस्पेक्टर संजीव कुमार अवाना, सेनेटरी फूड इंस्पेक्टर राजकुमार, भंडारी जी और पूरी टीम ने चौराहे पर पहुँच कर फल विक्रेताओं की रेहडियो के पास पडे कूड़े के लिए उन पर जुर्माना लगाया।तथा भविष्य में अपनी रेहड़ी के पास गंदगी ना डालने के लिए चेताया।इस कार्यवाही के बाद टीम के फोटो खिंचवाने लायक “जज्बे” को देखकर लोग दंग रह गए।
हालांकि तिराहे पर रोज़ाना लगने वाले जाम को देखकर लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि शायद जाम भी पालिका की विरासत का हिस्सा है, इसलिए उसे छेड़ने की जरूरत नहीं समझी जाती। दर्जनों वाहन जगह के अभाव में घंटों फंसे रहते हैं, मगर प्रशासनिक आंखें तब ही खुलती हैं जब कोई पान का पत्ता या ठेली से गिरी सब्ज़ी सड़क पर गंदगी का रूप ले ले।
गौरतलब है कि चौराहे पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी रहती है लेकिन वह जाम खुलवाने पर ध्यान न देकर इधर-उधर मटरगश्ती करने में लगे रहते हैं और थ्री व्हीलर और ई रिक्शा चालक चौराहे से सवारियां बैठाने में मशगूल रहते हैं
लोगों का कहना है कि जाम और अव्यवस्था को देखकर तो ऐसा नहीं लगता कि इससे कभी छुटकारा भी मिल पायेगा। देखना यह है कि यहाँ लगने वाले जाम से आम नागरिकों को कब तक मुक्ति मिल पाएगी।


