अमरोहा
दूध कारोबारी के हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
अमरोहा में युवक की पिटाई कर दबाया था गला, पुलिस को और लोगों के शामिल होने की आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई दूध कारोबारी की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में गांव निवासी युवक अनित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश डाल रही है। पुलिस को आशंका है कि घटना में एक से अधिक लोग शामिल थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज समेत अन्य डिजिटल एवीडेंस भी जुटाने के प्रयास में लगी है। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।दरअसल अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव हाफिजपुर निवासी दूध कारोबारी 22 वर्षीय सौरभ पुत्र रामवीर की गांव निवासी अनित से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। बीते सोमवार दोपहर सौरभ बाइक से गजरौला गया था। शाम तक घर न पहुंचने पर उसके ताऊ ने फोन किया। सौरभ ने घर लौटने की बात कही। लेकिन देर शाम उसका शव अटारी-मुरीदपुर मार्ग के किनारे मिला था।परिजनों ने अनित पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पिटाई और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। एसएसआई बृजेश कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी जा रही है। वहीं पुलिस को आशंका है कि घटना में एक से अधिक लोग शामिल हैं। अकेला व्यक्ति इतनी आसानी से हत्या नहीं कर सकता। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य डिजिटल सबूत जुटा रही है। मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी।




