
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर हनवारा थाना प्रभारी राजन कुमार के नेतृत्व में रामकोल रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक हीरो ग्लैमर बाइक (नंबर BR10Z-3024) को रोका गया। चालक कागजात नहीं दिखा सका। जिसके बाद बाइक की गहन जांच की गई।पुलिस ने पाया कि बाइक पर नकली नंबर प्लेट लगी है। इंजन व चेसिस नंबर मिलान करने पर यह गाड़ी गोड्डा कॉलेज हटिया से चोरी की गई बाइक निकली। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने बाइक चोरी करने और उससे अवैध शराब ढोने की बात कबूल कर ली। गिरफ्तार युवक की पहचान निभाष कुमार (पिता- स्व. चुलहाई यादव), निवासी ताहिरपुर, धोरैया थाना, बांका (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में गोड्डा जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी राजन कुमार ने कहा कि क्षेत्र में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



