बरेली
बरेली को धर्मनगरियों से सीधे रेल सेवा शुरू करने प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे बरेली से कई धर्मनगरियों को रेल सेवा जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। बरेली से वैष्णो देवी, कामाख्या देवी और जैनियों के तीर्थस्थल शिखर जी के लिए सीधे ट्रेन चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है। इसके साथ ही काठगोदाम से नई दिल्ली और इज्जतनगर से चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में छह दिन वंदेभारत ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव शामिल है।उत्तर रेलवे ने मेरठ-लखनऊ वंदेभारत का विस्तार वाराणसी तक वाया अयोध्या करके बरेली के श्रद्धालुओं की इन दोनों प्रमुख धार्मिक नगरियों तक पहुंच आसान कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और कनेक्टिविटी को देखते हुए बरेली से नई ट्रेनों के प्रस्ताव तैयार किए हैं। इसमें काठगोदाम से नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन, कासगंज से नई दिल्ली सीधी ट्रेन सप्ताह में 4 दिन, कासगंज से वाराणसी सप्ताह में 3 दिन और लालकुआं से टनकपुर, पारसनाथ व कामाख्या तक नई साप्ताहिक ट्रेनों का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा इज्जतनगर से चंडीगढ़ वंदे भारत सप्ताह में 6 दिन, कासगंज से चित्रकूट, काठगोदाम से ऋषिकेश तथा इज्जतनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए भी नई ट्रेनों का सुझाव दिया गया है।



