
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। आदि शक्ति मां कालिकन धाम से जिला मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर टिकरिया गांव के पास मालती नदी पर निर्माणाधीन
पुल का कार्य चल रहा है। वहीं निर्माणाधीन पुल के पास बनाए गए अस्थाई पुल पर बारिश के कारण कीचड़ जम गया है। और दल -दल हो जाने से चार पहिया व बाइक सवार राहगीरों का मालती नदी में गिर जाने का खतरा बढ़ गया है।
इस समस्या को देखते हुए पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य और बीजेपी नेता विजय विक्रम सिंह ने प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ की मात्रा और दल- दल इतना अधिक है कि पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है।
विजय विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी अमेठी और अधिशासी अभियंता से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि समस्या को संज्ञान में ले लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मार्ग को सुगम बनाया जाएगा।

