जिलाधिकारी ने विकास कार्यों को लेकर की समीक्षा बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विभिन्न प्राथमिकता वाले बिन्दुओं की प्रगति एवं विभिन्न योजनाओं में निकायों को प्राप्त धनराशि के सापेक्ष कराये जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नजीबाबाद एवं साहनपुर की महिलाओं द्वारा शाल पर पशमीना कार्य प्रोत्साहित करने के लिए एनआरएलएम कार्यक्रम के अंतर्गत महिला समूह का गठन किया जाए और उनके द्वारा तैयार किया जा रहे उत्पादों को उचित दाम दिलाने के लिए उनका प्रशिक्षण एवं बाजार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए की जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा किए जाने वाले कार्यों अथवा उत्पादन का समुचित लाभ दिलाने के लिए एनआरएलएम योजना के अंतर्गत आच्छादित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारी नगर निकायों को निर्देशित किया कि प्रत्येक नगर निकाय क्षेत्र में कोई भी मुख्य स्थान अथवा चौराहों को सौंदर्यकरण और उसको आकर्षक रूप में विकसित करें तथा उसमें उत्पादित होने वाले उत्पादों के प्रचार प्रसार तथा शहर में आने वाले आगुंतकों को जानकारी देने के लिए साइन बोर्डों अथवा दीवारों पर वॉल पेंटिंग भी कराएं। उन्होंने शासन द्वारा नगर विकास के लिए नगर निकायों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत कार्यों की प्रगति में निकायों द्वारा योजनाओं में खर्च की जा रही धनराशि का मूल्यांकन कर संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की और निकायों को धनराशि के अनुसार कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारी नगर निकायों को कड़े निर्देश दिए कि 05 से 10 साल पुराने ऑडिट प्रकरणों को निस्तारित करने के लिए लंबित मामलों का वर्गीकरण करते हुए जो प्रकरण वित्त से संबंधित न हों उनको अलग कर प्राथमिकता के आधार पर सर्वप्रथम अवित्तीय प्रकरणों को शत प्रतिशत रूप से निस्तारित करना सुरक्षित करें। नगर निकायों में कार्य संस्था सीएनडीएस द्वारा अनुमोदित विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत किसी भी प्रकार की प्रगति न पाए जाने पर उन्होंने निर्देश दिए की संस्था के अधिकारियों की उनके साथ मीटिंग आयोजित कराएं ताकि कार्य में प्रगति लाई जा सके। उन्होंने निर्देश दिए की नगर निकायों में निर्मित की जाने वाली सड़कों की मोटाई नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी आपसी सहमति के साथ तय करें। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करने में अनावश्यक रूप से विलंब ना करें।
उन्होंने बैठक में अधिशासी अधिकारियों को पुस्तकालयों का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए की अभियान के तहत रोपित पौधों की जांच कराएं और जो पौधा सूखा अथवा खराब पाया जाए उसके स्थान पर नये पौधे रोपित कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक में अतिक्रमण को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने टेलीफोन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पालिका क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा लगाए गए जो खंबे नगर विकास में बाधित हैं उनको स्वयं हटाएं अथवा नगर पालिका के साथ समन्वय स्थापित कर उनको हटवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/परियोजना अधिकारी डूडा, लोनिवि, विद्युत, वन, सीएनडीएस विभाग के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिजनौर विकास कुमार सहित सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद थे।



