बरेली
विजेता एसआरएमएस आईपीएस की टीम को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार
एसआरएमएस सीईटी में गणेश चतुर्थी पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेलीः श्रीराम मूर्ति स्मारक कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी (सीईटी) में गुरुवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें एसआरएमएस इंस्टीट्यूट आफ पैरामेडिकल (आईपीएस) की टीम को पहला स्थान हासिल हुआ। दूसरे स्थान पर एसआरएमएस कालेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी (सीईटी) की टीम रही, जबकि तीसरा स्थान एसआरएमएस सीईटी की एमसीए टीम को हासिल हुआ। तीनों विजेता टीमों को ट्राफी के साथ क्रमशः 2100, 1500 और 1000 रुपये नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईटी) में गुरुवार (28 अगस्त 2025) को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणेश उत्सव पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता रही, जिसमें श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट की विभिन्न संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने गणपति बप्पा की भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों का मनमोह लिया। इससे पहले कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति जी, ट्रस्ट सचिव श्री आदित्य मूर्ति जी, मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल एयरमार्शल (सेवानिवृत्त) डा.एमएस बुटोला, सीईटीआर के डीन डा.शैलेश सक्सेना, डीन प्लेसमेंट सेल डा.अनुज कुमार, डीन फार्मेसी अमित कुमार शर्मा ने किया। एसआरएमएस ट्रस्ट की आशा मूर्ति जी, ऋचा मूर्ति जी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर गुप्ता, आईपीएस की प्रिसिपल डा.जसप्रीत कौर, नर्सिंग कालेज की प्रिंसिपल डा.मुथु महेश्वरी ने विजेता टीमो को ट्राफी के साथ सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए। नृत्य प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल ऋचा मूर्ति जी, पूर्णिमा वेणुगोपालन और डा. आशीष कुमार ने किया। इस मौके पर मेडिकल कालेज के डीएसडब्ल्यू डा.क्रांति कुमार, एसआरएमएस ट्रस्ट के सभी संस्थानों के डीन एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।




