बरहरवा अंचल क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अफीफ अमसल ने डीसी- एसपी को सौंपा ज्ञापन
Afif Amsal submitted a memorandum to DC-SP against illegal mining and overloading in Barharwa zone

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। पूर्व विधायक अकिल अख्तर के सुपुत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता युवा नेता अफीफ अमसल ने शुक्रवार को साहेबगंज जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर बरहरवा अंचल क्षेत्र में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अफीफ अमसल ने कहा है कि बरहरवा और कोटालपोखर थाना क्षेत्र अवैध खनन और परिवहन का गढ़ बन चुका है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में बिना माइनिंग चालान और निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक पत्थर लदे ट्रक खुलेआम परिचालित हो रहे हैं। इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय थाना प्रभारी स्वयं इस अवैध कारोबार के संरक्षणकर्ता बन बैठे हैं। कथित तौर पर तय रकम लेकर पुलिस प्रशासन ओवरलोडेड ट्रकों को पासिंग देता है और पत्थर माफिया के साथ मिलीभगत कर कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अफीफ अमसल ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग से सड़कें समय से पहले टूट-फूट का शिकार हो रही हैं, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, क्षमता से अधिक भार ढोने के कारण सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है, जिससे आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने पर्यावरणीय असंतुलन और क्षेत्र की प्राकृतिक संपदाओं की हो रही लूट को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। ज्ञापन के माध्यम से अफीफ अमसल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरहरवा अंचल क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन और ओवरलोडिंग पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं करता है, तो वे क्षेत्र के आमजनों के साथ मिलकर चरणबद्ध आन्दोलन करने को बाध्य होंगे।



