गाजियाबाद
लोनी के अगरौला में पीने के पानी का संकट, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के अगरौला गांव के ग्रामीण इन दिनों भीषण पानी संकट से जूझ रहे हैं। गांव में लगे हैंडपंप और ट्यूबवेल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे पीने के पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय निवासी सतेंद्र पुत्र भंवर सिंह ने इस संबंध में युवा हिन्दू वाहिनी के लेटरहेड पर प्रार्थना पत्र लिखकर उप जिलाधिकारी को अवगत कराया है। पत्र में कहा गया है कि गांव के नलों व हैंडपंपों से पानी आना बंद हो गया है और नई ट्यूबवेल मशीन की तत्काल आवश्यकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसी मुद्दे को लेकर जनसुनवाई पोर्टल (IGRS उत्तर प्रदेश) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत संख्या 40014025044245 के अंतर्गत दर्ज शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि गांव में उनके मकान के पास अजंता कंपनी है इस कंपनी के पानी और धुएं के कारण प्रदूषण फैल रहा है जिसके कारण बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं इस कारण पीने के पानी की गंभीर समस्या से गुजर रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
ग्रामवासियों का कहना है कि पानी की किल्लत के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द खराब हैंडपंपों और ट्यूबवेल की मरम्मत करवाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके


