सिंगरौली

बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बस और ट्रैक्टर में आमने-सामने हुई भिड़ंत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो। 
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार हिंडाल्को गेट नंबर-3 के आगे तेज रफ्तार में आ रही संजय ट्रेवल्स की बस और सामने से आ रहे ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस और ट्रैक्टर के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक हादसे में बाल-बाल बच गए, लेकिन बस में बैठे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक सामने से ट्रैक्टर आने पर चालक गाड़ी नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसके चलते टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और रफ्तार पर लगाम लगाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि हाईवे और औद्योगिक क्षेत्रों के पास यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button