सिंगरौली
बाइक चालक को अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर ने मारी जोरदार टक्कर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में अवैध रेत परिवहन का कारोबार पुलिस-प्रशासन के संरक्षण में किस कदर फल-फूल रहा है, इसका ताजा उदाहरण खुटार चौकी क्षेत्र से सामने आया है। यहां अवैध रेत ले जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बाइक चालक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामला दिनांक 31 अगस्त 2025 की रात लगभग 11:30 बजे का है। फरियादी अखिलेश कुमार शर्मा पिता राजेन्द्र प्रसाद शर्मा उम्र 36 वर्ष निवासी भाड़ी थाना वैढ़न, अपने हमराह नवनीत कुमार शर्मा के साथ थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
अखिलेश शर्मा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर भाड़ी से खुटार मेडिकल स्टोर दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वे लिलावर पहाड़ नहर के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बिना नंबरी ट्रैक्टर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ाता हुआ आया और उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अखिलेश सड़क पर गिर पड़े और उनके दोनों पैरों के घुटनों में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा दाहिने हाथ की अंगुली, हथेली, कुहनी, कमर और बाईं पसली में भी चोटें आईं। घटना के दौरान शोर सुनकर मौके पर रामकेश शर्मा और घनश्याम शर्मा पहुंचे। लेकिन इससे पहले ही आरोपी ट्रैक्टर चालक विकास कुमार शाह पिता उजागिर शाह निवासी चितरवई चौकी खुटार, ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रदेश सरकार भले ही अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लाख दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक अवैध कारोबारियों के हौसले यूं ही बुलंद रहेंगे और आम नागरिक उनकी मनमानी का शिकार बनते रहेंगे। घायल युवक के बयान और चश्मदीदों की मौजूदगी के बावजूद अभी तक आरोपी चालक और अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी चालक और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



