
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद। सिंचाई विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सहारनपुर स्थित हथिनी कुंड बैराज से 01 सितम्बर 2025 को 3,21,653 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके चलते जिले में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है।अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व सौरभ भट्ट ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और बाढ़ से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लोग रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जानकारी प्राप्त करते रहें तथा समय रहते ऊँचे स्थानों की पहचान कर लें।लोगों को खाद्य सामग्री, दवाइयाँ, क्लोरिन, ओआरएस और जरूरी कागजात वॉटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। साथ ही मवेशियों के चारे और अनाज को भी ऊँचे स्थान पर रखने का निर्देश दिया गया है।प्रशासन ने खासकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्ध, दिव्यांग और बीमार व्यक्तियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की अपील की है।आपात स्थिति में नागरिक एम्बुलेंस सेवा 108/102 पर कॉल कर सकते हैं। वहीं, जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम के नंबर 0120-2989032, 2986150 और टोल फ्री नंबर 1077 पर भी सहायता उपलब्ध रहेगी।
