सिंगरौली
आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय बालक की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली : सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के भकुआर गांव में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बिजली गिरने से 12 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रिंस शाह पिता लंका प्रसाद शाह के रूप में हुई है। वह अपने पिता की इकलौती संतान था। थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि प्रिंस अपने चार-पांच दोस्तों के साथ बारिश में खेल रहा था। वे सभी एक छत के नीचे खड़े थे, लेकिन प्रिंस संभवतः छत के उस हिस्से में था, जहां बारिश का पानी आ रहा था, तभी अचानक बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद बाकी बच्चे सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि साथी बच्चों से पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि प्रिंस उस वक्त छत के नीचे नहीं था, जबकि बाकी बच्चे पिलर के सहारे खड़ी छत के नीचे खड़े थे।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीयलोग मौके पर पहुंचे। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



