छिंदवाड़ा में साइबर सुरक्षा वर्कशॉप:सुरक्षा को बताया सामाजिक जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
छिंदवाड़ा में बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनज़र जय हो फाउंडेशन ने पुलिस, एनआईआईटी फाउंडेशन (दिल्ली) और एक्सिस बैंक के साथ मिलकर साइबर क्राइम प्रिवेंशन एवं अवेयरनेस वर्कशॉप आयोजित की। विशेषज्ञों ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी पहलू नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
दो घंटे चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया और डिजिटल सुरक्षा के अहम पहलुओं को समझा।
एनआईआईटी फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर मोहित कनोजिया, एक्सिस बैंक छिंदवाड़ा के प्रबंधक क्षितिज शुक्ला और साइबर सेल के प्रतिनिधि मोहित चंद्रवंशी ने विस्तार से बताया कि किस तरह ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल्स, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड्स के जरिए लोग रोज ठगे जा रहे हैं।
विशेषज्ञों ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। वक्ताओं ने नागरिकों को सलाह दी कि संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें और किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर सेल या निकटतम थाने से संपर्क करें।



