मथुरा

व्रन्दावन में परिक्रमा मार्ग पर घुटनों तक भरा पानी, आज से परिक्रमा पर रोक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर वृंदावनवासियों और श्रद्धालुओं के लिए खतरे का संकेत बनता जा रहा है। हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते यमुना का प्रवाह विकराल रूप ले चुका है। इसका सीधा असर वृंदावन की पंचकोसी परिक्रमा पर पड़ा है, जहां घुटनों तक पानी भर चुका है। कोई अप्रिय घटना न हो, इसलिए प्रशासन ने आज एकादशी से होने वाली परिक्रमा को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। यमुना इन दिनों अपने विकराल रूप में है। उसका रौद्र रुप देखकर जहां एक ओर क्षेत्रीय लोग परेशान हैं, तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन पूरी सतकर्ता बरते हुए है। वृंदावन में यमुना का पानी अब तक निचली कॉलोनियों में उफन रहा था, लेकिन अब दर्जनभर कॉलोनियों तक पहुंच गया है। परिक्रमा मार्ग में भी घुटनों तक पानी भर गया है। कालीदह की ओर से बिहारीजी और केसी घाट जाने वाले मार्ग पर सड़क जलमग्न हो रही है। प्रशासन ने हालातों को देखते हुए एकादशी के दिन लगने वाली परिक्रमा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। वहीं यहां के अलावा यहां से सटी कॉलोनियों में घरों में पानी भर गया है। यमुना का पानी धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर चुका है, जिससे स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों ने यमुना में नाव संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश में कहा गया है कि किसी भी स्थिति में नाव चलाना कानून का उल्लंघन माना जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वृंदावन के केसी घाट पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिवन जैन और सीओ सदर संदीप सिंह ने नाविकों से बातचीत कर नावों के संचालन को बंद कर दिया गया। वहीं घाटों को पहले ही श्रद्धालुओं के लिए बंद किया जा चुका है। विद्युत विभाग ने निचले इलाके और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सप्लाई बंद कर दी है। एसडीओ संदीप वाष्र्णेय ने बताया कि पूरे वृंदावन में कई जगहों पर बिजली की सप्लाई पानी के कारण बाधित है। जिसमें कालीदह मार्ग, श्याम नगर, मोहिनी नगर, चीर घाट, गोविंद घाट का ट्यूबवैल, केशव नगर , ब्रहमऋषि वाटिका आदि जगहों पर सप्लाई बाधित है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button