अमरोहा
बाल तस्करी का भंडाफोड़
बहराइच से अमरोहा लाए गए 4 बच्चों को कराया मुक्त, बंधुआ मजदूरी करवाने का मामला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बाल कल्याण समिति और जिला प्रशासन की टीम ने एक बड़े बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एनजीओ की मदद से बंधुआ मजदूरी कर रहे चार मासूम बच्चों को मुक्त कराया है।यह मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव कालीलेट पट्टी का है। बच्चों को बहराइच जिले से लाकर यहां एक घर में बंधक बनाया गया था। गिरोह का सरगना मुकेश नाबालिग बच्चों की तस्करी का धंधा चलाता है।गुरुवार को चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी (CWC) और जस्ट राइट्स ने संयुक्त अभियान चलाया। टीम में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी प्रयत्न संस्था सम्भल के कॉर्डिनेटर भी शामिल थे।बच्चों को तत्काल चाइल्ड हेल्प लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। शुक्रवार को उनका मेडिकल परीक्षण कराकर घर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज के अनुसार, अभी 4 और बच्चों को रेस्क्यू किया जाना बाकी है। समिति मुकेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।




