शामली
उच्च अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने किया तमंचाधारी गिरफ्तार
आल्दी गांव में दो पक्षों में हुआ था संघर्ष आरोपी युवक ने की थी फायरिंग

–आरोपी युवक की तमंचा लहराते हुए हुई थी वीडियो वायरल पुलिस ने नहीं की थी कार्रवाई
-पीड़ित पक्ष ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, डीजीपी लखनऊ और डीआईजी सहारनपुर को की थी शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव आल्दी में बाइक से पटाखे छोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। जिसमें एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग करते हुए धारदार हथियारों से हमला किया था। पीड़ित ने फायरिंग करते हुए युवक की वीडियो भी पुलिस को सौंपी थी, और उच्च अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। उच्च अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को तमंचे सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना क्षेत्र के गांव आल्दी में शुभम, सागर, लक्ष्य, टीटू, नीरज ओर विनीत सहित अन्य युवक एक माह पहले डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। उक्त युवक बाइक लेकर जैसे ही संजय के मकान के पास पहुंचे, तो आरोप है कि उक्त युवक अपनी-अपनी बाइकों से पटाखे छोड़ने लगे। पीड़ित ग्रामीण संजय के विरोध करने पर आरोपियों ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर पीड़ितों पर हमला कर दिया था। जिसमें दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए थे। झगड़े में आरोपियों की ओर से धारदार ओर अवैध हथियारों से हमला किया था। झगड़े में दोनों ओर से दर्जनों लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोप है कि पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया था। पुलिस ने घायलों को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, ओर उपचार के बाद दोनों ओर से दर्जनों लोगों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया था। पुलिस ने मामले में पूर्व प्रधान सतीश कुमार की तहरीर पर उक्त आरोपियों के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। घटना के बाद से आरोपियों के तलवार ओर तमंचे चलाते हुए फोटों ओर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। जिसके बाद से पीड़ित पक्ष लगातार पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा बढ़वाए जाने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने मामले में सबूत देने के बाद भी धारा नहीं बढ़ाई है। पीड़ित परिवार के द्वारा प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, डीजीपी लखनऊ और डीआईजी सहारनपुर को सबूतों के साथ शिकायती पत्र देकर फायरिंग करने वाले आरोपी सहित धारदार हथियारों से हमला करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उच्च अधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए टीटू पुत्र मांगेराम को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया है।


