गोड्डा
पथरगामा में आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में धूमधाम से मनाई गई डॉ. राधाकृष्णन की जयंती
छात्रों ने गुरु-शिक्षक संबंधों को किया नमन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : पथरगामा स्थित आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हुए छात्रों और शिक्षकों ने गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान किया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और डॉ. राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्प अर्पण के साथ हुई। कोचिंग सेंटर के निदेशक संजय भगत ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन न केवल एक महान शिक्षक थे, बल्कि उन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया।छात्रों द्वारा कविता पाठ, भाषण, नाटक और गीत प्रस्तुत किए गए, जिनमें शिक्षा के महत्व और गुरु के योगदान को रेखांकित किया गया। कुछ छात्रों ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरित विचार साझा किए, जिससे माहौल प्रेरणादायक बन गया।कार्यक्रम का समापन शिक्षकों को सम्मानित कर और उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए किया गया। शिक्षक भी छात्रों के स्नेह और उत्साह से अभिभूत नजर आए।इस अवसर पर कोचिंग संस्थान के सभी विद्यार्थी, एवं शिक्षक उपस्थित रहे।



