अमरोहा
अमरोहा में गुरु तेग बहादुर का शहीदी दिवस
मेहमदी गांव में श्रद्धालुओं ने किया नमन, लंगर का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के गांव मेहमदी में स्थित गुरुद्वारे में शुक्रवार को सिखों के नौवें गुरु श्री तेग बहादुर का शहीदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सरदार इकबाल सिंह लालपुरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में पंज प्यारे भाई धरम सिंह जी के 13वें वंशज बाबा गुरप्रीत सिंह भी मौजूद रहे। इसके साथ ही धनौरा से भाजपा विधायक राजीव तरारा भी कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में गुरु तेग बहादुर के बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने बताया कि औरंगजेब द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव और अत्याचारों का गुरु तेग बहादुर ने डटकर सामना किया। धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता डॉक्टर सोरन सिंह चौधरी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद लंगर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी अपील की। उन्होंने विशेष रूप से पशुओं के चारे की कमी की समस्या को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अमरोहा के निवासी भी पंजाब की मदद के लिए आगे आए हैं।




