शामली
कनियान मे स्व:अजीत सिंह खेल स्टेडियम,उद्घाटन करेंगे जयंत चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। खंड विकास क्षेत्र के गाँव कनियान में बनकर तैयार हुआ स्व. चौधरी अजीत सिंह खेल स्टेडियम का रविवार को उद्घाटन के लिए सजधज कर पूरी तरह तैयार है। इस ऐतिहासिक मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी स्वयं स्टेडियम का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह का माहौल है। इस दौरान सदर विधायक प्रसन्न चौधरी अपने काफिले के साथ गाँव कनियान पहुँचे। उन्होंने सभा स्थल और स्टेडियम परिसर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने एसपी शामली नरेंद्र प्रताप से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जयंत चौधरी के आगमन को लेकर कार्यकर्ता कई दिनों से गाँव-गाँव जाकर ग्रामीणों को आमंत्रित कर रहे हैं। ऐसे में रविवार को होने वाले समारोह में भीड़ उमड़ने की पूरी संभावना जताई जा रही है। जयंत चौधरी उद्घाटन के बाद खेल स्टेडियम के महत्व और युवाओं के भविष्य को लेकर अपने विचार रखेंगे। साथ ही गाँव में नुक्कड़ सभा कर जनता को संबोधित भी करेंगे।


