महेशपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
Murder of an unknown woman revealed in Maheshpur police station area, accused arrested

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर थाना क्षेत्र के बुधायरोझर कोनाला में 2 सितंबर की सुबह एक नाले से महिला का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने गहन जांच करते हुए हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस कांड में शव की पहचान कराते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को स्थानीय चौकीदार द्वारा सूचना दी गई कि बुधायरोझर कोनाला के पास नाले में एक अज्ञात महिला का शव पानी में पड़ा हुआ है। शव पूरी तरह फूला हुआ और सड़ी-गली अवस्था में था। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण उसे पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल पाकुड़ भेजा गया। बाद में शव की तस्वीरों एवं वस्त्रों के आधार पर मृतिका की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम गुमगुचुरी के निवासी नरेश मरांडी की पत्नी बंसी दुड़ी उर्फ शांति मरांडी (20 वर्ष) के रूप में की गई।जांच के क्रम में पुलिस को तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य प्रमाण मिले। इसी आधार पर 5 सितंबर को पुलिस ने ग्राम बुधायरोझर से विजय हेम्ब्रम (22 वर्ष, पिता बुदिन हेम्ब्रम, साकिन बुधायरोझर थाना महेशपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि उसने मृतिका को शादी के लिए कई बार दबाव डाला, लेकिन मृतिका तैयार नहीं हुई। इसी बात से आक्रोशित होकर 18 अगस्त को उसने मृतिका को बहाने से बुलाकर गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी विजय हेम्ब्रम से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से एक मृतिका का भी है। मृतका के मोबाइल फोन से मिले सबूतों ने पुलिस की जांच को मजबूती दी। वही छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर विजय कुमार, थाना प्रभारी रवि शर्मा, जमादार दीपक कुमार, जमादार अजय कुमार महतो सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि कांड का अनुसंधान वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया जा रहा है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



