गोड्डा
पथरगामा में “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
-जनजातीय विकास हेतु 13 ग्रामों का चयन, हर गांव से 20 युवाओं को जोड़ा जाएगा अभियान से

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : पथरगामा प्रखंड में “आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत जनजातीय विकास एवं सामाजिक परिवर्तन को लेकर दो दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रखंड प्रोसेस लैब का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम ने की। अभियान के लिए प्रखंड की 07 पंचायतों के 13 जनजातीय बहुल ग्रामों—कोल्हुआ, पत्थरकानी, चुनाकोठी, बड़गामा, बरमसिया, खैरबानी, कासियातरी, तेलनी, कुमर्सी, मटिहानी, लतौना, धोबडीहा व डीबाबांध—का चयन किया गया है। बैठक में पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, वार्ड सदस्य, स्वयंसेवक, JSLPS प्रतिनिधि और ‘प्रदान’ संस्था के कर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा अभियान की रणनीति, उद्देश्य व सामुदायिक भागीदारी की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। ग्राम कार्य पुस्तिका के माध्यम से जनजातीय गांवों में विजन निर्माण को लेकर कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।प्रत्येक चयनित गांव से 20 शिक्षित युवक-युवतियों को अभियान से जोड़ा जाएगा, जिन्हें प्रशिक्षण देकर नेतृत्व हेतु तैयार किया जाएगा।कार्यक्रम की सफलता हेतु प्रखंड प्रशासन, जेसलपीएस प्रदान और विभिन्न विभागों के संयुक्त सहयोग से योजनाओं की जानकारी लाभुकों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।



