अमेठी

तेज रफ्तार ने छीनी परिवार की खुशियाँ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 

अमेठी जायस । दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में दो सगे भाई हुए थे गंभीर अवस्था में घायल, एक की आज सुबह इलाज़ के दौरान मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा।

अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के सेठी तालाब के पास दो दिन पूर्व हुआ था सड़क हादसा एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला ग़म बन गया। कस्बे के गोरियाना मोहल्ले के दो सगे भाई साथ निकले थे, लेकिन वापस लौटते समय किस्मत ने ऐसा खेल खेला कि बड़ा भाई मौत के मुंह में समा गया और छोटा भाई जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, चंद्रकेश मौर्या और उनका छोटा भाई अखिलेश मौर्या पुत्र जगन्नाथ मौर्या अपने दोस्त कुलदीप के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही यह लोग सेठी तालाब के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर में तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल भेजा।

डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए चंद्रकेश और अखिलेश को एम्स रायबरेली रेफर किया और अगले दिन सुबह उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इलाज के दौरान चंद्रकेश ने दम तोड़ दिया, जबकि अखिलेश की हालत नाजुक बनी हुई है। तीसरे साथी कुलदीप को हल्की चोटें आई हैं।

कस्बे के गोरियाना मोहल्ले में जैसे ही यह खबर पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिवार के लोग गम में डूबे हुए हैं। मां अपने बेटे को इस दुनिया से चले जाने के ग़म में बार-बार बेहोश हो जा रही है, वहीं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर आंख नम है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए, साथ ही परिवार को आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button