अमरोहा
चिकन बनाने को लेकर हुआ विवाद, पत्नी ने फांसी लगाई
पति समेत दो आरोपी गिरफ्तार, अमरोहा में गंगा में फेंके गए शव की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील क्षेत्र के रहरा थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के गांव वंशी वाला मेहरपुर की 21 वर्षीय रीना की हत्या कर शव को गंगा में फेंक दिया गया। पुलिस ने पति निगम, जेठ महकार सिंह और देवर विजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सास कुंता और ससुर सुरेश अभी फरार हैं। पुलिस को घटनास्थल से मृतका का दुपट्टा मिला है। रहरा थाना अध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान के अनुसार, पूछताछ में पति निगम ने बताया कि 20 अगस्त की रात वह शराब और चिकन लेकर घर आया था। रीना द्वारा चिकन नहीं बनाने पर दोनों में झगड़ा हुआ। निगम का दावा है कि इसके बाद रीना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति ने स्वीकार किया कि मौत के बाद परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर शव को चादर में बांधा। फिर उसमें मिट्टी भरकर गंगा में फेंक दिया। पुलिस पीएसी गोताखोरों और ड्रोन कैमरे की मदद से गंगा में शव की तलाश कर रही है। ग्रामीण भी तलाश में शामिल हैं, लेकिन अभी तक शव नहीं मिला है।


