पत्नी से विवाद के बाद जहर खाकर थाने पहुंचा पति
पंजाब से 2 साल बाद लौटे युवक को पुलिस ने समय रहते पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र अमेठी में एक विचित्र घटना सामने आई। पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर सीधे थाने का रुख किया। थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने जहर खा लिया है।
शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के पूरे स्वयंवर सिंह का पुरवा, मजरे जंगल रामनगर गांव का युवक पंजाब में नौकरी करता है। वह दो साल बाद घर लौटा था। घर आने के बाद पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राकेश को सीएचसी पहुंचाया। वहां पुलिसकर्मियों ने उसे नमक-पानी का घोल पिलाया। इससे उसे उल्टियां हुईं और जहरीला पदार्थ बाहर निकल गया।थाना प्रभारी भी अस्पताल पहुंचे और युवक की स्थिति की जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि युवक की हालत अब स्थिर है। उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। युवक की पत्नी और मां को भी अस्पताल बुलाया गया है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि युवक ने किस तरह का जहरीला पदार्थ खाया था। यह डॉक्टरों के जांच का विषय है।

