गाजियाबाद
भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर का बड़ा बयान – “लोनी में निरंकुश अधिकारी बर्दाश्त नहीं”
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने आज अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में नगर पालिका और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिकारियों की कार्यशैली से जनता बुरी तरह से परेशान है और वह स्वयं भी इस स्थिति से खिन्न हैं। विधायक ने कहा कि लोनी तिराहे पर रोज़ लगने वाले जाम से आम नागरिक त्रस्त हैं, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने की बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वे 18 सितंबर को प्रदेश के उच्च अधिकारियों से मिलकर लापरवाह और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जांच कराकर कार्यवाही करने की मांग करेंगे।
उन्होंने लोनी में हाल में हुए जलभराव और सड़क गड्ढों से जनता को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। विधायक ने कहा –
“लोनी की जनता को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं। उनकी समस्याओं को अधिकारियों द्वारा अनदेखा करना बर्दाश्त नहीं करूंगा। जो अधिकारी क्षेत्र में नहीं निकलते, सिर्फ कुर्सी पर बैठे रहते हैं, उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी।”
पुलिस प्रशासन पर आरोप
विधायक ने पुलिस कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस चौकियों के क्षेत्र तक बेचे जा रहे हैं और क्षेत्र में अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक भू माफिया को पकड़े जाने के बाद भी पुलिस ने छोड़ दिया, जो भ्रष्टाचार का साफ सबूत है।ऐसे अधिकारी को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जायेगा।
नगर पालिका पर भी उठाए सवाल
गुर्जर ने नगर पालिका अधिकारियों को चेताया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है।
“अब दफ्तर में बैठने से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को जनता के बीच जाना होगा, समस्याओं को सुनकर समाधान करना होगा।”
विधायक ने कहा कि लोनी में अपराध और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि लोनी में तैनात निरंकुश और भ्रष्ट अधिकारी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।


