शामली
पंजाब बाढ़ पीड़ितों को कांधला से राहत सामग्री का बड़ा योगदान
--मुस्लिम गुर्जर युवा सेवा समिति ने बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाया सहारा, शाही इमाम ने भी की जमकर तारीफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला : समाज सेवा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही कस्बे की मुस्लिम गुर्जर युवा सेवा समिति ने एक बार फिर अपने सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। हाल ही में पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सहायता के लिए समिति की 15 सदस्यीय टीम पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवारों के घर-घर जाकर राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री में खाद्य पदार्थ, वस्त्र, आवश्यक दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल थी, जिससे बाढ़ से त्रस्त परिवारों को महत्वपूर्ण मदद मिली। समिति के सभी सदस्यों ने पंजाब के शाही इमाम से मुलाकात की पंजाब के शाही इमाम हजरत मौलाना उस्मान साहब लुधियानवी ने मुस्लिम गुर्जर युवा सेवा समिति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवी संगठन आपदा के समय लोगों के लिए न केवल सहारा बनते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और एकजुटता की मिसाल भी पेश करते हैं। मौलाना साहब ने युवाओं के इस नेक प्रयास को सराहा और भविष्य में ऐसे कार्यों को और अधिक बढ़ावा देने की अपील की।समिति के प्रमुख कार्यकर्ता एडवोकेट नावेद जंग ने कहा, “पंजाब में आई इस भीषण बाढ़ ने जहां लाखों लोगों की जिंदगी प्रभावित की है, मुस्लिम गुर्जर युवा सेवा समिति ने पूरी ईमानदारी व लगन से पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की है। हम सभी मानते हैं कि समाज सेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि कार्यों के माध्यम से अपने फर्ज को निभाना चाहिए। हमारी यह छोटी सी कोशिश प्रभावित परिवारों के लिए सहारा बन सके, यही हमारी प्राथमिकता रही। मुस्लिम गुर्जर समिति की इस सराहनीय पहल से क्षेत्र में भी विशेष प्रशंसा हो रही है। कस्बा और क्षेत्रवासी समिति के कार्यकर्ताओं को प्रेरणादायक बताया है। समाज के अन्य वर्गों से जुड़े लोग भी इस कदम की सराहना कर रहे हैं।



