शामली
एक लाख रंगदारी व फर्जी एससी,एसटी केस में दबंगों पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के ग्राम कनियान निवासी सेवानिवृत्त गन्ना निरीक्षक ने गांव के दबंगों पर एक लाख रुपये की अवैध रंगदारी मांगने के साथ-साथ झूठे एससी,एसटी एक्ट के तहत फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव कनियान निवासी सेवानिवृत्त गन्ना निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने न्यायालय में अपनी शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि वे अकेले अपने गांव में रहता हैं और उनके पास कृषि भूमि (खसरा नंबर 895, है, जो सीढ़ीनुमा व बरसाती नाले के किनारे स्थित होने के कारण उपयोग में नहीं थी। उन्होंने विभागीय अनुमति लेकर वहां से वैधानिक रूप से रेत व मिट्टी का खनन कार्य शुरू कराया था।पीड़ित ने आरोप लगाया कि गांव के ही मांगेराम, ओमपाल, हरेन्द्र उर्फ बबलू और रूपेन्द्र ने पहले तो खनन कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया, फिर एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। पूर्व में उन्हें दस हजार रुपये भी भुगतान करने पर मजबूर किया गया था। दबंगों ने ट्रैक्टर चालकों व मजदूरों को धमकाकर खनन कार्य रूकवा दिया, साथ ही खेत तक जाने वाले रास्ते में मिट्टी डालकर बाधा भी उत्पन्न की।पीड़ित व्यक्ति ने कई बार थाना व प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें दीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों द्वारा पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की गई थी, परंतु जांच में आरोप झूठे साबित हुए।न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कांधला को मामले का पंजीकरण कर उचित जांच करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मांगेराम, ओमपाल, हरेन्द्र उर्फ बबलू व रूपेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जाँच प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि न्यायालय का आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


