बरेली
हिंदी दिवस पर बरेली में देशभर के कवियों ने बिखेरी साहित्यिक छटा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। हिंदी दिवस के अवसर पर रविवार को शहर में कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। प्रकाश कॉन्टिनेंटल में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से आए ख्यातिप्राप्त कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की ओजपूर्ण वाणी और सृजनात्मक प्रस्तुतियों से पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। स्वागत भाषण में आयोजकों ने हिंदी को केवल भाषा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया। कवि सम्मेलन में वीर रस, हास्य, श्रृंगार और सामाजिक विषयों पर केंद्रित कविताओं ने श्रोताओं को गहराई से जोड़ा।दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, कानपुर और अन्य नगरों से आए कवियों ने हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा को मंच पर साकार किया। युवा कवियों की ताजगी भरी रचनाओं से लेकर वरिष्ठ कवियों के अनुभवसिद्ध शब्दों तक, हर प्रस्तुति ने हिंदी भाषा की व्यापकता और जीवन्तता को उजागर किया। श्रोताओं ने भी पूरे उत्साह और जोश के साथ कविताओं का आनंद लिया। हास्य कविताओं पर सभागार ठहाकों से गूंज उठा तो वहीं ओजपूर्ण कविताओं ने देशभक्ति की भावना को प्रखर किया।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय शायरा आरफा शबनम, कमल कांत तिवारी, डॉ. हिलाल बदायुनी, खलील गुमनाम, गौरव चौहान, उपमेन्द्र सक्सेना, उन्नति राधा शर्मा, आलोक यादव, गीतकार राधेश्याम मिश्र, उमेश अद्भुत, डॉ. मुकेश गीत, सत्यपाल सिंह सजग, सत्येन्द्र द्विवेदी, किरण प्रजापति दिलवारी, रामस्तन यादव, अभिषेक अधिक, अमित मनोज और अनुज कपूर सहित अनेक कवियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
आयोजकों ने कहा कि हिंदी दिवस पर इस तरह के आयोजन न केवल भाषा के प्रति सम्मान का प्रतीक हैं बल्कि नई पीढ़ी को साहित्य की ओर प्रेरित करने का भी माध्यम हैं। अंत में सभी कवियों को सम्मानित किया गया और हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष विनोद पागरानी, उपजा प्रेस क्लब अध्यक्ष पवन सक्सेना, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अध्यक्ष सिटिल गुप्ता, आयोग सदस्य उमेश कठेरिया, साहित्यकार राजेश कुमार, सौरभ अग्रवाल,डॉ. अल्पना दीक्षित , उपजा प्रेस क्लब सचिव धीरू यादव, शिव स्वरूप पटेल, मोहित ठाकुर, अनुराग सक्सेना, अंश सिंह, तुषार शर्मा, विश्वनाथ चौधरी,राशिद, फैसल सकलैनी,वसीम,सहित तमाम लोग मौजूद रहे।



