
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सोमवार को मुफस्सिल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थायी वारंटी जयनुल शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इशाकपुर, थाना-पाकुड़ मु०, जिला-पाकुड़ निवासी अब्दुल हसीद के पुत्र जयनुल शेख के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ और शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से वारंटी अभियुक्तों की धर-पकड़ तेज कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने छापेमारी कर जयनुल शेख को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।उन्होंने कहा कि स्थायी वारंटी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे, जिससे कई मामलों के निपटारे में विलंब हो रहा था। लेकिन अब पुलिस टीम लगातार ऐसे सभी वारंटियों की सूची तैयार कर एक-एक कर गिरफ्तार कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आम जनता में यह संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।



